धनबाद।
बीसीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) परियोजना के अंतर्गत पूर्वी टुंडी के पोखरिया क्षेत्र में स्थित पेमिया ऋषिकेश मेमोरियल आवासीय अनाथ विद्यालय के नव-निर्मित छात्रावास परिसर का उद्घाटन आज दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर टुंडी क्षेत्र के माननीय विधायक मथुरा प्रसाद महतो अपनी धर्मपत्नी श्रीमती पोबिया देवी के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दीक्षा महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया सहित श्रीमती रंजना सिंह, श्रीमती नीता कुमार तथा महिला मंडल की अन्य सदस्याओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
अपने संबोधन में श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर बच्चों के कल्याण हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, सुविधायुक्त एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस नव-निर्मित छात्रावास से अनाथ बच्चों को बेहतर आवासीय सुविधाएँ मिलेंगी, जिससे उनकी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी।

माननीय विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने बीसीसीएल की CSR गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में धनबाद एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने दीक्षा महिला मंडल द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों को भी प्रेरणादायक बताया और कहा कि यह पहल अनाथ एवं वंचित बच्चों के भविष्य को सुरक्षित दिशा प्रदान करेगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान महिला मंडल की ओर से छात्रावास के लिए पंखे सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही बच्चों के बीच फुटबॉल, बैडमिंटन, कैरम जैसी खेल सामग्री एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। आगामी होली पर्व के अवसर पर अतिथियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में बीसीसीएल के विभागाध्यक्ष (CSR) श्री सुरेन्द्र भूषण, वरीय प्रबंधक CSR व विभागाध्यक्ष जनसंपर्क सुश्री नीलांजना चक्रवर्ती, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती माधुरी, शिक्षक श्री राजेश कुमार, विद्यालय के छात्र-छात्राएँ, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

#BCCL #CSRInitiative #DikshaMahilaMandal #DhanbadNews #Tundi #OrphanChildren #EducationForAll #CorporateSocialResponsibility #JharkhandNews #WomenEmpowerment
