निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार ने कहा- आंतरिक अंकेक्षण से मजबूत होता है वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता
धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के कोयला भवन मुख्यालय में वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही की आंतरिक अंकेक्षकों की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार ने की। इस दौरान बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए आंतरिक अंकेक्षण कार्यों की समीक्षा की गई तथा वित्तीय पारदर्शिता और अनुशासन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में महाप्रबंधक (वित्त) श्री एम.एस. राजू, विभागाध्यक्ष (आंतरिक अंकेक्षण) श्रीमती श्वेता सिंह, मुख्यालय वित्त विभाग के विभागाध्यक्ष, मुख्यालय के लीड ऑडिटर, आंतरिक अंकेक्षण फर्मों के नामित साझेदार एवं टीम लीडर, क्षेत्रीय एएफएम तथा सभी क्षेत्रीय आंतरिक अंकेक्षक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जनवरी से मार्च 2026 तक की अंतिम तिमाही की आंतरिक अंकेक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और उसकी विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही 31 मार्च 2026 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष के साथ बीसीसीएल में कार्यरत अंकेक्षण फर्मों एवं ऑडिटरों के तीन वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के मद्देनजर यह वर्तमान ऑडिट टीम के साथ प्रबंधन की अंतिम समीक्षा बैठक रही।
विभिन्न अंकेक्षण फर्मों ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से क्षेत्रवार अंकेक्षण अवलोकन, प्रमुख उपलब्धियां और सुझाव प्रस्तुत किए। इस दौरान अधिकारियों ने गंभीरता से विचार-विमर्श करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अनुपालन की स्थिति की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की।

उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए पीबी एवं पश्चिमी झरिया क्षेत्र के आंतरिक लेखा परीक्षकों को निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार द्वारा सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में श्री राजेश कुमार ने कहा कि आंतरिक अंकेक्षण किसी भी संगठन में वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया न केवल संभावित जोखिमों की पहचान करती है, बल्कि संसाधनों के प्रभावी एवं दक्ष उपयोग को भी सुनिश्चित करती है। उन्होंने वर्तमान आंतरिक अंकेक्षण टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अवलोकन संगठन की वित्तीय पारदर्शिता को और अधिक मजबूत करने में सहायक होंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। स्वागत संबोधन में विभागाध्यक्ष (आंतरिक अंकेक्षण) श्रीमती श्वेता सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत आंतरिक अंकेक्षण फर्मों एवं उनके नामित साझेदारों का तीन वर्षीय कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ है। उन्होंने सभी ऑडिटरों को उनके सफल कार्यकाल के लिए बधाई दी।
समापन सत्र में सभी ऑडिटरों को उनके कार्यकाल पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। महाप्रबंधक (वित्त) श्री एम.एस. राजू ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसके साथ बैठक का समापन हुआ।
#BCCL #InternalAudit #FinancialReview #RajeshKumar #MSRaju #ShwetaSingh #CoalIndia #Dhanbad #FinancialDiscipline #AuditMeeting #Transparency #CorporateGovernance #JharkhandNews #CoalSector #FinanceDepartment
