• Fri. Jun 12th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

अंतरराष्ट्रीय मानव संसाधन दिवस पर बीसीसीएल में एचआर अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।

Bynoorimedia@2015

May 20, 2026

बीसीसीएल के कल्याण भवन (एचआरडी) में अंतरराष्ट्रीय मानव संसाधन दिवस के अवसर पर नव-नियुक्त मैनेजमेंट ट्रेनी एवं कनीय संवर्ग के मानव संसाधन अधिकारियों के लिए कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को मानव संसाधन प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक कार्य संस्कृति एवं व्यावसायिक दक्षताओं से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, महाप्रबंधक (एचआरडी) सुधाकर प्रसाद सहित मानव संसाधन निदेशालय के अंतर्गत कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) उपस्थित रहे।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोयला भवन मुख्यालय एवं विभिन्न विभागों से कनीय संवर्ग के मानव संसाधन अधिकारियों तथा मैनेजमेंट ट्रेनी सहित कुल 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने किया। उन्होंने तकनीकी सत्रों में मानव संसाधन प्रबंधन, स्व-प्रबंधन, टीम प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक विकास एवं उच्च कार्य संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

अपने संबोधन में मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता उसके मानव संसाधनों की क्षमता, प्रतिबद्धता एवं कार्यसंस्कृति पर निर्भर करती है। उन्होंने आत्मानुशासन, सकारात्मक सोच, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, संवाद कौशल, संवेदनशीलता एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी नेतृत्व की शुरुआत आत्म-विकास एवं स्व-प्रबंधन से होती है।

निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी औद्योगिक वातावरण में एचआर प्रोफेशनल्स की भूमिका प्रशासनिक कार्यों से आगे बढ़कर संगठनात्मक विकास, प्रतिभा प्रबंधन एवं परिवर्तन प्रबंधन तक विस्तृत हो चुकी है।

वहीं निदेशक (वित्त) राजेश कुमार ने कहा कि किसी भी संगठन की वित्तीय एवं प्रशासनिक मजबूती उसके मानव संसाधनों की दक्षता, पारदर्शिता एवं प्रतिबद्धता पर आधारित होती है। उन्होंने एचआर अधिकारियों को संगठन एवं कर्मचारियों के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत औपचारिक स्वागत, सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन एवं कोल इंडिया गीत के साथ हुई। स्वागत संबोधन महाप्रबंधक (एचआरडी) सुधाकर प्रसाद ने दिया। समापन सत्र में प्रतिभागियों के साथ संवादात्मक चर्चा आयोजित की गई, जिसमें निदेशक (मानव संसाधन) ने उनके प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया।

कार्यक्रम का समापन वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सफूरा रुबाब द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। मंच संचालन मैनेजमेंट ट्रेनी (एचआर) अंजलि मेहता ने किया।

कार्यक्रम की सफलता में एचआरडी के मुख्य प्रबंधक (खनन) राधेश्याम दुबे, प्रबंधक (मानव संसाधन) सुमित कुमार, प्रबंधक (खनन) दीपक कुमार सहित एचआरडी के अन्य कर्मियों का विशेष योगदान रहा।

#BCCL #HumanResourceDay #HRTraining #CoalIndia #HRDevelopment #Leadership #ManagementTrainee #Dhanbad #HRWorkshop #OrganizationalDevelopment #TeamManagement #CorporateTraining #BharatCokingCoalLimited

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed