धनबाद। Bharat Coking Coal Limited के निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया ने पश्चिमी झरिया क्षेत्र अंतर्गत पाडुगोड़ा कोलियरी का दौरा कर टेम्परेरी माइन क्लोजर प्लान (टीएमसीपी) के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीलिंग एवं डिस्मेंटलिंग कार्यों के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान निदेशक (मा.सं.) ने टीएमसीपी के अंतर्गत आयोजित चिकित्सा शिविरों, वायु एवं जल गुणवत्ता निगरानी गतिविधियों की भी समीक्षा की। उन्होंने पर्यावरणीय मानकों के प्रभावी अनुपालन तथा स्थानीय समुदायों के स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

श्री रमैया ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि टीएमसीपी के अंतर्गत प्रस्तावित कौशल विकास कार्यक्रमों को तेजी से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के लिए आजीविका आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाना आवश्यक है, ताकि प्रभावित समुदायों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।
महुदा ग्रुप ऑफ माइंस के परियोजना पदाधिकारी एवं प्रबंधक के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने टीएमसीपी से संबंधित सभी गतिविधियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्वों को ध्यान में रखते हुए प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर कोयला भवन मुख्यालय एवं पश्चिमी झरिया क्षेत्र के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बीसीसीएल प्रबंधन ने कहा कि टीएमसीपी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और सतत विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता लगातार मजबूत की जा रही है।
