बीसीसीएल के कोयला नगर स्थित अन्नपूर्णा हॉल में आयोजित विशेष संवादात्मक सत्र में (एमसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) श्री केशव राव ने मानव संसाधन प्रबंधन, ऊर्जा सुरक्षा और संगठनात्मक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर बीसीसीएल अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम में महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) श्री केशव राव मुख्य अतिथि एवं विशेष वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में ऊर्जा संकट, ऊर्जा सुरक्षा, मानव संसाधन प्रबंधन की चुनौतियों और अवसरों पर अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन), बीसीसीएल श्री मुरली कृष्ण रमैया, महाप्रबंधक (एचआरडी) श्री सुधाकर प्रसाद, महाप्रबंधक (प्रशासन) श्री मनीष मिश्रा सहित बीसीसीएल मानव संसाधन निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रबंधक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री केशव राव ने कहा कि वर्तमान समय वैश्विक स्तर पर तीव्र बदलाव और चुनौतियों का दौर है, जहां ऊर्जा सुरक्षा किसी भी राष्ट्र की आर्थिक और रणनीतिक स्थिरता का प्रमुख आधार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में कोयला उद्योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसे समय में मानव संसाधन प्रबंधन की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।

उन्होंने अधिकारियों को संगठनात्मक कार्यसंस्कृति, उत्पादकता और कर्मचारी सहभागिता को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। श्री राव ने संगठनात्मक विकास में एसडब्ल्यूओटी (SWOT) विश्लेषण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि संस्थानों को अपनी शक्तियों, कमजोरियों, अवसरों और चुनौतियों का लगातार मूल्यांकन करते रहना चाहिए।
उन्होंने प्रभावी नेतृत्व, पारदर्शी संवाद, तकनीकी नवाचार और कर्मचारी-केंद्रित नीतियों को किसी भी संगठन की दीर्घकालिक सफलता का आधार बताया। साथ ही उन्होंने क्षमता निर्माण, सतत प्रशिक्षण और सकारात्मक औद्योगिक संबंधों के महत्व पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत औपचारिक स्वागत, सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रगीत और कोल इंडिया गीत के साथ हुई। स्वागत वक्तव्य महाप्रबंधक (एचआरडी) श्री सुधाकर प्रसाद ने प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम की प्रासंगिकता और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
स्वागत संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन), बीसीसीएल श्री मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि मानव संसाधन किसी भी संगठन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है। उन्होंने कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश में मानव संसाधन प्रबंधन की भूमिका और अधिक व्यापक एवं चुनौतीपूर्ण हो गई है तथा बीसीसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों के कौशल विकास एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समापन सत्र में आयोजित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के दौरान एचआर अधिकारियों ने नेतृत्व, कर्मचारी सहभागिता, संगठनात्मक चुनौतियों और भविष्य की कार्यसंस्कृति से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका श्री केशव राव ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। कार्यक्रम के अंत में निदेशक (मानव संसाधन), बीसीसीएल श्री मुरली कृष्ण रमैया ने श्री केशव राव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

गौरतलब है कि श्री केशव राव Indian Institute of Technology Bombay और Indian Institute of Management Ahmedabad के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, ऑस्ट्रिया, पुर्तगाल और दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों में मानव संसाधन एवं प्रबंधन विषयों पर प्रशिक्षण और व्याख्यान दिए हैं।
कार्यक्रम का समापन महाप्रबंधक (प्रशासन) श्री मनीष मिश्रा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
#BCCL #MCL #KeshavRao #MuraliKrishnaRamaiya #CoalIndia #HumanResource #EnergySecurity #IndustrialDevelopment #HRManagement #CoalSector #Leadership #WorkCulture #AtmanirbharBharat #JharkhandNews #CorporateNews
