धनबाद, 1 जून 2026।
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) मुख्यालय स्थित कोयला भवन के लेवल-3 सभागार में रविवार को जीएम समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस दौरान कंपनी के उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता, सुरक्षा और परिचालन संबंधी विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) राजीव कुमार सिन्हा, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, डीआईजी सीआईएसएफ जे.के. तिवारी, सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों से उत्पादन लक्ष्य, उपलब्धि, डिस्पैच और परिचालन में आ रही चुनौतियों की जानकारी ली तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने परिवहन एवं डिस्पैच व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि कोयले के समयबद्ध उठाव को सुनिश्चित करने के लिए डिस्पैच प्रणाली को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से समझें और निर्धारित जवाबदेही के साथ कार्य करें।

उत्पादन और स्टॉक की समीक्षा करते हुए सीएमडी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कोयला उत्पादन में कमी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने स्टॉक प्रबंधन को बेहतर बनाने तथा उत्पादन एवं डिस्पैच में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कोयले की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कहीं से गुणवत्ता संबंधी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित महाप्रबंधक तत्काल इसकी सूचना दें और त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली बाधाओं की पहचान कर समय पर समाधान निकालने और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर भी जोर दिया।
सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मनोज कुमार अग्रवाल ने सभी खदानों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा दुर्घटना-मुक्त कार्य वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही अवैध खनन और कोयला चोरी की घटनाओं पर सतर्क निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि सभी अधिकारी समन्वित प्रयास, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में हासिल करें तथा सभी कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करें।
बीसीसीएल प्रबंधन ने दोहराया कि कंपनी सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और जिम्मेदार खनन कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
#BCCL #बीसीसीएल #CoalProduction #ManojKumarAgrawal #SanjayKumarSingh #MuraliKrishnaRamaiah #RajeevKumarSinha #RajeshKumar #JKTiwari #CoalDispatch #MiningSafety #CoalQuality #DhanbadNews #CoalIndustry #JharkhandNews #MiningSector #IndiaCoal #CoalMining #CorporateNews #Dhanbad
