धनबाद, 21 जून 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में शनिवार को उत्साहपूर्वक योग दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारी विश्राम गृह, धनबाद में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अखिलेश मिश्र, पूर्व मध्य रेल मंडल महिला कल्याण संगठन, धनबाद की अध्यक्षा प्रिया मिश्र तथा संगठन की सदस्याओं सहित मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न यूनियनों और एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने योग प्रशिक्षक के नेतृत्व में योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआरएम अखिलेश मिश्र ने कहा कि योग का मानव जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा व्यक्ति स्वस्थ और संतुलित जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी से अपील की कि योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाएं।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलकर्मियों और अधिकारियों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।


