• Sat. Oct 31st, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मिले बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, कोकिंग कोयले की सुरक्षा और निर्बाध उत्पादन पर हुई अहम चर्चा।

Bynoorimedia@2015

Jul 3, 2026

नई दिल्ली, 02 जुलाई 2026। भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय से भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच बीसीसीएल की खनन गतिविधियों की सुरक्षा, कोकिंग कोयले के सुरक्षित एवं निर्बाध उत्पादन तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने बीसीसीएल की खनन गतिविधियों से जुड़े विभिन्न सुरक्षा पहलुओं और उत्पादन संबंधी चुनौतियों की जानकारी दी। उन्होंने कोकिंग कोयले के सुरक्षित एवं सतत उत्पादन के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर बल दिया।

माननीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय ने आश्वस्त किया कि अवैध खनन, कोयला चोरी और अन्य सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए भारत सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि कोकिंग कोयला देश की ऊर्जा और इस्पात क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण खनिज है तथा इसके सुरक्षित और निरंतर उत्पादन के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

श्री नित्यानंद राय ने कहा कि भारत की आयातित कोकिंग कोयले पर निर्भरता कम करने में बीसीसीएल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस्पात उद्योग की जरूरतों को पूरा करने के लिए घरेलू स्तर पर कोकिंग कोयले का उत्पादन बढ़ाकर बीसीसीएल ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को मजबूती प्रदान कर रहा है। उन्होंने सुरक्षित और निर्बाध कोकिंग कोयला उत्पादन को राष्ट्रीय सामरिक महत्व का विषय भी बताया।

बैठक के दौरान बीसीसीएल की खनन परिसंपत्तियों और परिचालन की सुरक्षा में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की भूमिका की भी समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने सीआईएसएफ की तैनाती को और सुदृढ़ बनाने तथा समग्र सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया, ताकि अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण, राष्ट्रीय परिसंपत्तियों की सुरक्षा और कोकिंग कोयले का सुरक्षित, दक्ष एवं निर्बाध उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। इस दौरान बीसीसीएल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा कोकिंग कोयले के सुरक्षित, सतत एवं निर्बाध उत्पादन के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की गई।

#नित्यानंदराय #मनोजकुमारअग्रवाल #बीसीसीएल #कोकिंगकोयला #कोयलाउद्योग #अवैधखनन #सीआईएसएफ #आत्मनिर्भरभारत #कोयलाउत्पादन #CoalIndia #BCCL #CokingCoal #CoalMining #MiningSecurity #DhanbadNews #JharkhandNews #IndiaNews #EnergySecurity #SteelIndustry #BreakingNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed