• Sun. Nov 1st, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी मनोज कुमार गांगेय ने बीसीसीएल के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का किया निरीक्षण।

Bynoorimedia@2015

Jul 10, 2026

सतर्कता समीक्षा बैठक में सतर्कता, पारदर्शिता एवं सुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों के साथ की विस्तृत चर्चा

धनबाद। कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री मनोज कुमार गांगेय ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय (10-11 जुलाई) बीसीसीएल दौरे के प्रथम दिन कोयला भवन मुख्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) का विस्तृत निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने सतर्कता समीक्षा बैठक में भाग लेते हुए पारदर्शिता, सुशासन, डिजिटल निगरानी एवं तकनीक आधारित सतर्कता तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान श्री गांगेय ने आईसीसीसी की कार्यप्रणाली, लाइव मॉनिटरिंग, लाइव स्ट्रीमिंग, आरएफआईडी बूम बैरियर एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, वेमेंट सिस्टम, जीपीएस इनेबल्ड व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम, रूट फेंसिंग सहित विभिन्न डिजिटल निगरानी प्रणालियों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग कर निगरानी तंत्र को अधिक पारदर्शी, त्वरित, उत्तरदायी और प्रभावी बनाया जाए।

इस अवसर पर बीसीसीएल की मुख्य सतर्कता अधिकारी श्रीमती दीप्ति पटेल, महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन. के. ठाकुर, महाप्रबंधक (ई एंड एम) श्री आर. आर. कर्ण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आईसीसीसी के निरीक्षण के बाद कोयला भवन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित सतर्कता समीक्षा बैठक में विजिलेंस एडमिनिस्ट्रेशन, प्रिवेंटिव विजिलेंस इनिशिएटिव्स तथा सतर्कता प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सीएमडी बीसीसीएल श्री मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्रीमती दीप्ति पटेल, महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन. के. ठाकुर, विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सतर्कता अधिकारी तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री मनोज कुमार गांगेय के औपचारिक स्वागत, सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन एवं कोल इंडिया गीत के साथ हुआ। सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने उन्हें शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

स्वागत संबोधन में श्रीमती दीप्ति पटेल ने बीसीसीएल में संचालित सतर्कता पहलों तथा आईसीसीसी की कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी दी। इसके बाद सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कंपनी की परिचालन उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर प्रस्तुति देते हुए कहा कि बीसीसीएल पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य कर रही है। वहीं निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह तथा निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया ने विभागवार उपलब्धियों, परिचालन प्रगति, कार्यबल प्रबंधन और मानव संसाधन विकास से संबंधित जानकारी साझा की।

अपने संबोधन में श्री मनोज कुमार गांगेय ने कहा कि देश की सबसे बड़ी कोकिंग कोल उत्पादक कंपनी होने के कारण बीसीसीएल पर राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा तथा मिशन कोकिंग कोल के लक्ष्यों को पूरा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भूमिगत आग जैसी भौगोलिक एवं परिचालन चुनौतियों के बावजूद बीसीसीएल देश को कोकिंग कोल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल अनियमितताओं को रोकने का माध्यम नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक कार्य संस्कृति को मजबूत करने का प्रभावी साधन है। उन्होंने अधिकारियों से तकनीक आधारित सतर्कता, डिजिटल मॉनिटरिंग, जोखिम आधारित निगरानी तथा निवारक सतर्कता उपायों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बीसीसीएल के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी आधुनिक व्यवस्थाएं खनन गतिविधियों की रियल-टाइम निगरानी, संसाधनों के बेहतर उपयोग, परिचालन दक्षता और सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

#BCCL #CoalIndia #CoalMinistry #ManojKumarGangeya #ManojKumarAgrawal #MuraliKrishnaRamaiah #SanjayKumarSingh #DeeptiPatel #NKThakur #RRKarna #ICCC #IntegratedCommandAndControlCentre #Vigilance #GoodGovernance #Transparency #DigitalMonitoring #Mining #CokingCoal #Dhanbad #Jharkhand #CoalNews #MiningNews #भारतकीऊर्जा #बीसीसीएल #कोयलामंत्रालय #सतर्कता #सुशासन #डिजिटलमॉनिटरिंग #धनबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed