धनबाद। बीसीसीएल की दुग्धा कोल वाशरी (डीसीडब्ल्यू) द्वारा शुक्रवार को सरस्वती विद्या मंदिर (एसवीएम), दुग्धा परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में निवारक स्वास्थ्य देखभाल (प्रिवेंटिव हेल्थकेयर) के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
शिविर के दौरान दुग्धा कोल वाशरी के चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने विद्यार्थियों की लंबाई, वजन, दृष्टि तथा दंत स्वास्थ्य की विस्तृत जांच एवं स्क्रीनिंग की। आवश्यकता के अनुसार बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया, जिससे उनके समग्र शारीरिक विकास एवं नियमित स्वास्थ्य निगरानी को बढ़ावा मिल सके।

बीसीसीएल के अनुसार, गत माह निदेशक मंडल के साथ दुग्धा कोल वाशरी के दौरे के दौरान सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने सरस्वती विद्या मंदिर, दुग्धा में विद्यार्थियों के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए थे। उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में इस निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
बीसीसीएल ने कहा कि “चलो मिलकर एक स्वस्थ भविष्य का निर्माण करें” की भावना के साथ कंपनी अपने परिचालन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले समुदायों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास को लगातार प्राथमिकता दे रही है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर का नेतृत्व दुग्धा कोल वाशरी के डिप्टी मेडिकल सर्जन डॉ. मुकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर परियोजना पदाधिकारी श्री अमित कुमार, सरस्वती विद्या मंदिर के शिक्षकगण तथा विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया।
