सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा- न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।
बीसीसीएल के सहयोग से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), धनबाद द्वारा रविवार को कोयला नगर स्थित सामुदायिक भवन में ‘अधिकार आपका, प्रयास हमारा’ विषय पर मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर (मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैंप) का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, वैकल्पिक विवाद निस्तारण व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उनके प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री निकेश कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक (सिटी) श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री एस. मोहम्मद याकूब, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री राधेश्याम गोस्वामी, बार एसोसिएशन के सचिव श्री जितेंद्र कुमार, बीसीसीएल के विभागाध्यक्ष (सीएसआर) श्री सुरेन्द्र भूषण, विभागाध्यक्ष (विधि) डॉ. कुमार शरत सिन्हा, विभागाध्यक्ष (प्रशासन) श्री मनीष मिश्रा तथा विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक सहित न्यायिक अधिकारी, पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, अधिवक्तागण, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, जेएसएलपीएस की स्वयं सहायता समूह की सदस्याएँ और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल केवल कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं सहज रूप से पहुँचना चाहिए। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक न्याय, विधिक सशक्तिकरण और समावेशी विकास को मजबूत करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी जिला प्रशासन एवं अन्य संस्थाओं के साथ जनहित के कार्यक्रमों में निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम की शुरुआत में राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, अशोक नगर की घोष टीम ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर सीएमडी एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। वहीं राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, किड्ज क्लब ग्रुप तथा सेवा और समर्पण संस्था के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। धनबाद लॉ कॉलेज एवं असर्फी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल एजुकेशन के विधि छात्रों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
समापन सत्र में उपस्थित अतिथियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बीच सहायता राशि, मुआवजा राशि, स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र एवं अन्य लाभ वितरित किए। साथ ही बीसीसीएल के सीएसआर, कल्याण एवं विधि विभाग द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सामुदायिक कल्याण तथा विधिक सेवाओं से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को साइकिल तथा दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर भी वितरित की गई।

कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बीसीसीएल ने सेवानिवृत्त एवं कार्यरत कर्मचारियों के विभिन्न दावों का प्री-लिटिगेशन स्तर पर सफल निस्तारण किया है। गत वर्ष दिसंबर तथा इस वर्ष मार्च और मई में आयोजित लोक अदालतों के माध्यम से 9700 से अधिक लाभार्थियों को 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान सुनिश्चित किया गया। इनमें ग्रेच्युटी, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, सेटलिंग भत्ता, अवकाश नगदीकरण तथा लाइफ कवर स्कीम से जुड़े दावों का समयबद्ध समाधान किया गया, जिससे कर्मचारियों को शीघ्र न्याय एवं आर्थिक राहत मिली।
बीसीसीएल के सहयोग से आयोजित यह मेगा विधिक सशक्तिकरण शिविर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक विधिक जागरूकता पहुँचाने, नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
#BCCL #बीसीसीएल #DLSA #डालसा #Dhanbad #धनबाद #LegalEmpowerment #विधिक_सशक्तिकरण #LegalAwareness #मनोज_कुमार_अग्रवाल #NikeshKumarSinha #CSR #CoalIndia #NationalLokAdalat #SocialJustice #जनकल्याण #JharkhandNews #CoalNews #HindiNews
