धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन मुख्यालय में बुधवार को विशेष संवादात्मक सत्र “रिफ्लेक्शन्स (प्रतिबिंब)” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के पूर्व अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक एवं भारतीय कोयला उद्योग के प्रतिष्ठित खनन विशेषज्ञ डॉ. प्रेम सागर मिश्रा रहे। उन्होंने बीसीसीएल के अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ खनन उद्योग के समसामयिक विषयों पर विस्तृत संवाद करते हुए अपने चार दशकों के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष, विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. प्रेम सागर मिश्रा के औपचारिक स्वागत, पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और कोल इंडिया गीत के साथ हुई। इस अवसर पर सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने डॉ. मिश्रा का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया।
अपने स्वागत संबोधन में श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि डॉ. प्रेम सागर मिश्रा भारतीय कोयला उद्योग के प्रतिष्ठित खनन विशेषज्ञ, कुशल प्रशासक और प्रेरणादायी नेतृत्वकर्ता हैं। उन्होंने अपने चार दशक के सेवाकाल में तकनीकी दक्षता, उत्कृष्ट नेतृत्व, नवाचार तथा परिणामोन्मुख कार्यसंस्कृति के माध्यम से कोल इंडिया की विभिन्न सहायक कंपनियों को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि ईसीएल और एसईसीएल के सीएमडी के रूप में डॉ. मिश्रा के नेतृत्व में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल हुईं और उनका अनुभव बीसीसीएल अधिकारियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहेगा।
अपने संबोधन में डॉ. प्रेम सागर मिश्रा ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोयला उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक खनन पद्धतियों, डिजिटल नवाचार तथा सुरक्षित एवं सतत खनन को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश में निरंतर सीखना और तकनीकी रूप से स्वयं को अद्यतन रखना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी शक्ति उसका मानव संसाधन होता है। जब कार्यसंस्कृति पारदर्शिता, संवाद, उत्तरदायित्व, नवाचार और टीम भावना पर आधारित होती है, तब संगठन निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है। उन्होंने युवा अभियंताओं और अधिकारियों से प्रत्येक चुनौती को सीखने और उत्कृष्ट प्रदर्शन के अवसर के रूप में स्वीकार करने का आह्वान किया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि उत्कृष्ट नेतृत्व केवल उत्पादन और व्यावसायिक लक्ष्यों की प्राप्ति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि संगठन में विश्वास, सकारात्मक कार्यसंस्कृति और मानवीय मूल्यों का विकास भी समान रूप से आवश्यक है। उन्होंने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उत्पादन और सुरक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं तथा पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और तकनीकी नवाचार को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी कोयला कंपनियों की तुलना में बीसीसीएल में कार्य करना सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण है, लेकिन इन चुनौतियों के बावजूद कंपनी द्वारा कोयला उत्पादन, तकनीकी नवाचार और सकारात्मक पहलों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. मिश्रा ने अपने व्यावसायिक जीवन की यात्रा और अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने आईआईटी (आईएसएम), धनबाद से माइनिंग इंजीनियरिंग में बी.टेक., डीजीएमएस से प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक प्रमाणपत्र तथा पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने सीसीएल, बीसीसीएल, ओएमडीसी, ईसीएल और एसईसीएल में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। वर्तमान में वे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस तथा भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम), रायपुर में विजिटिंग फैकल्टी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
सत्र के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर कार्यक्रम में डॉ. मिश्रा ने अधिकारियों एवं कर्मियों के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्हें सकारात्मक सोच, व्यावसायिक उत्कृष्टता और निरंतर सीखने की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से डॉ. प्रेम सागर मिश्रा को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी) श्री सुधाकर प्रसाद ने प्रस्तुत किया, जबकि मंच संचालन वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री सफूरा रुबाब ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एचआरडी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
#BCCL #BCCLNews #CoalIndia #Dhanbad #CoalMining #MiningIndustry #DrPremSagarMishra #ManojKumarAgrawal #MuraliKrishnaRamaiya #SanjayKumarSingh #SudhakarPrasad #SafuraRubab #MiningLeadership #MineSafety #Innovation #CoalSector #JharkhandNews #DhanbadNews
