• Fri. Oct 30th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

बीसीसीएल मुख्यालय में 8 सेवानिवृत्त कार्मिकों का सम्मान, जुलाई में कुल 141 अधिकारी-कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त।

Bynoorimedia@2015

Jul 31, 2026

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन मुख्यालय में शुक्रवार को सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कंपनी के 04 अधिकारियों एवं मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 04 कर्मचारियों सहित कुल 08 कार्मिकों को उनके लंबे और उल्लेखनीय सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (पीएफ एवं पेंशन) श्री विद्युत् साहा, महाप्रबंधक (श्रमशक्ति नियोजन) श्री अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (सीएसआर) श्री सुरेन्द्र भूषण, विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) श्रीमती मधुस्मिता लकड़ा, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक तथा सीएमओएआई बीसीसीएल अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, मुख्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कार्मिकों के परिजन भी समारोह में शामिल हुए।

समारोह की शुरुआत सेवानिवृत्त कार्मिकों के सम्मान-पत्र वाचन के साथ हुई। इसके बाद सभी सम्मानित कार्मिकों को अंगवस्त्र, श्रीफल, स्मृति-चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं अन्य उपहार भेंट कर उनके योगदान का अभिनंदन किया गया।

अपने संबोधन में उपस्थित अधिकारियों ने सेवानिवृत्त कार्मिकों की वर्षों की समर्पित सेवा की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं। वहीं, सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बीसीसीएल परिवार का हिस्सा बनने पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कंपनी के साथ बिताए अपने लंबे कार्यकाल को जीवन की अमूल्य उपलब्धि और यादगार यात्रा बताया।

बीसीसीएल के अनुसार, जुलाई माह में कंपनी से कुल 141 कार्मिक सेवानिवृत्त हुए, जिनमें 04 अधिकारी तथा मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से 137 कर्मचारी शामिल हैं। कंपनी के चारों सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं मुख्यालय के चार कर्मचारियों के सम्मान में कोयला भवन मुख्यालय में यह समारोह आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में भी सेवानिवृत्त कार्मिकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समारोह में सम्मानित होने वाले सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों में श्री दीपांकर मैती (वरीय प्रबंधक, सर्वेक्षण), श्री बी.पी. सिंह (सहायक अभियंता, विद्युत एवं यांत्रिक), श्री राम सारिख राम (सहायक अभियंता, विद्युत एवं यांत्रिक), श्री अशोक कुमार (सहायक अभियंता, उत्खनन), श्री रामपति सिंह यादव (कार्यालय अधीक्षक), श्री काजल कुमार चक्रवर्ती (कार्यालय अधीक्षक), श्री रंजीत दोलुई (ई.पी. फिटर) तथा श्री गुप्ता बेलदार (सामान्य सहायक) शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (मानव संसाधन/जनसंपर्क) श्री प्रणव ओझा ने किया।

#BCCL #BharatCokingCoalLimited #Dhanbad #CoalBhawan #RetirementCeremony #RetirementHonour #BCCLNews #CoalIndia #PublicSector #JharkhandNews #धनबाद #बीसीसीएल #सेवानिवृत्तिसम्मानसमारोह #कोयलाभवन #कोलइंडिया #झारखंड_समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed