रांची: झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले आदिवासी महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती वंदना दादेल ने बुधवार को मोराबादी मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर चल रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती वंदना दादेल ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा आगंतुकों की सुविधाओं का विशेष रूप से जायजा लिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आयोजन राज्य की सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप भव्य एवं सफल होना चाहिए।

उन्होंने मंच निर्माण, विभिन्न स्टॉलों की व्यवस्था, पार्किंग स्थल तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल देते हुए कहा कि सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ कार्य करें ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त श्री कुलदीप चौधरी, विशेष सचिव, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग श्री राजीव लोचन बक्शी, उपायुक्त रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री, टीआरआई (TRI) निदेशक श्री आलोक एस. कच्छप तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री पारस राणा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आदिवासी महोत्सव 2026 के माध्यम से झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, कला, परंपरा, हस्तशिल्प और लोक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने की तैयारी की जा रही है। आयोजन को लेकर प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

#आदिवासीमहोत्सव2026 #रांची #झारखंड #वंदनादादेल #मोराबादीमैदान #कुलदीपचौधरी #राजीवलोचनबक्शी #मंजूनाथभजन्त्री #आलोकएसकच्छप #पारसराणा #TribalFestival2026 #Jharkhand #Ranchi #TribalCulture #JharkhandNews
