सांसद ढुलू महतो रहे मुख्य अतिथि, पीएम नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया संवाद से वर्चुअली जुड़े युवा; 2036 ओलंपिक की तैयारी, खेल प्रतिभाओं की पहचान और युवा शक्ति की भूमिका पर जोर।
धनबाद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशव्यापी ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के तहत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनि विद्यापीठ), आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत (एमवाई भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को खेल, फिटनेस और विकसित भारत के विजन से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर एमवाई भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के उप निदेशक सूर्यकांत कुमार, धनबाद के जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, एनआईसी की डीआईए पूनम कुमारी, अंतरराष्ट्रीय पेंटाथलॉन की स्वर्ण पदक विजेता अनु कुमारी, राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी राज संचू राजवार, खेलो इंडिया से जुड़े पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी मोहम्मद आजाद तथा किशोर गोप उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में धनबाद सांसद प्रतिनिधि एवं धनबाद संसदीय कार्यालय प्रभारी मिल्टन पार्थ सारथी भी शामिल हुए। इसके अलावा आईआईटी (आईएसएम) के उप निदेशक प्रो. शरद के. दास, कुलसचिव प्रबोध पांडेय, संस्थान के शिक्षक, अधिकारी, छात्र, खेल प्रेमी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पीएम नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया संवाद से जुड़े युवा
कार्यक्रम के दौरान देशभर के प्रतिभागियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया संवाद को वर्चुअल माध्यम से देखा और सुना गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद करते हुए देश में खेल संस्कृति को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया देशभर में खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने वाला महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं की ऊर्जा और देश की ताकत को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने का भी माध्यम हैं।
उन्होंने उन खेलों में भी भारत की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई, जिनमें अभी देश की मौजूदगी अपेक्षाकृत कम है। बच्चों और युवाओं की प्रतिभा की समय रहते पहचान कर उन्हें सही प्रशिक्षण और सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। 2036 ओलंपिक की तैयारियों के मद्देनजर वैज्ञानिक तरीके से प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों के विकास को महत्वपूर्ण बताया गया।
प्रधानमंत्री ने खेलों के जीवन से जुड़े महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल केवल चैंपियन बनना ही नहीं सिखाते, बल्कि बेहतर प्रतियोगी बनना, हार से सीखना और फिर खड़े होकर आगे बढ़ना भी सिखाते हैं। युवाओं के लिए स्क्रीन से अधिक खेल केंद्र और प्लेग्राउंड को महत्व देने का संदेश भी दिया गया।

ढुलू महतो बोले- खेल और युवा शक्ति से मजबूत होगा देश का भविष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ढुलू महतो ने कहा कि खेल और युवा शक्ति देश के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेल के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों और खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के युवाओं में खेलों को लेकर नया उत्साह दिखाई दे रहा है।
उन्होंने युवाओं से खेल और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। अपने युवावस्था के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वे भी फुटबॉल खेलते थे। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और टीम भावना सीखने को मिलती है। उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ देश और समाज के विकास में भी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
देशव्यापी कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने भी युवाओं के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न पहलों और खेल के क्षेत्र में बढ़ रहे अवसरों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश में खेल का माहौल लगातार मजबूत हो रहा है और फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए कई पहल की जा रही हैं।
खेल प्रतिभाओं की पहचान और विकसित भारत में युवाओं की भूमिका पर चर्चा
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में आयोजित खेलो इंडिया संवाद के दौरान खेल प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों के विकास, युवाओं की भागीदारी, फिटनेस और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष बनाया। विद्यार्थियों और युवाओं को खिलाड़ियों के अनुभवों से प्रेरणा लेने का अवसर भी मिला।
देशभर में करीब 1,600 स्थानों पर आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और एमवाई भारत के स्वयंसेवक जुड़े। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को देश के बदलते खेल परिदृश्य से जोड़ने और खेल के क्षेत्र में भारत के भविष्य को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में आयोजित कार्यक्रम ने युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने का अवसर दिया। कार्यक्रम के अंत में युवाओं से खेलों में अधिक भागीदारी करने और भारत को एक मजबूत खेल राष्ट्र बनाने में योगदान देने की अपील की गई।

#IITISMDhanbad #KheloIndia #KheloIndiaSamvad #खेलोइंडिया #Dhanbad #DhanbadNews #DhulluMahato #NarendraModi #MansukhMandaviya #MYBharat #NationalSportsDay #SportsIndia #ViksitBharat #YouthPower #FitnessIndia #Olympics2036 #SportsNews #JharkhandNews
