धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनि विद्यापीठ), धनबाद में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन IC ADIB-26 का सफल समापन हो गया। प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियांत्रिकी विभाग (DMS&IE) की ओर से 18 और 19 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के शोधार्थियों, प्रोफेसरों, विद्यार्थियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन के अंतिम दिन 19 नवंबर को भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के अधिकारी देव कुमार वर्मा ने कीनोट स्पीकर के रूप में प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने सतत विकास की जरूरत और वर्तमान पीढ़ी की भविष्य के प्रति जिम्मेदारी पर अपने विचार रखे।

सतत विकास आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी: देव कुमार वर्मा
अपने संबोधन में देव कुमार वर्मा ने कहा कि सतत विकास केवल एक अवधारणा नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, “यदि हमें आने वाली पीढ़ियों को कुछ देना है, तो आज हमें स्वयं को इस योग्य बनाना होगा कि हमारी आने वाली पीढ़ियां हमें गाली न दें। ऐसा न हो कि भविष्य में हमारी पीढ़ियां हमें सस्टेनेबिलिटी का पाठ पढ़ाएं और पूछें कि आपने ऐसा क्यों नहीं किया। आज धनबाद के परिवेश में जो हो रहा है, उसके लिए आने वाली पीढ़ी हमें कभी माफ नहीं करेगी।”
वर्मा ने अपने संबोधन के माध्यम से यह संदेश दिया कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग को प्राथमिकता देना जरूरी है, ताकि भविष्य की पीढ़ियों के लिए बेहतर परिस्थितियां सुनिश्चित की जा सकें।

देश-विदेश के शोधार्थियों और प्रोफेसरों ने लिया हिस्सा
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डीआरएम धनबाद सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, देश-विदेश से आए शोधार्थी, प्रोफेसर और विद्यार्थी मौजूद रहे। सम्मेलन में स्थिरता, नवाचार और व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
सम्मेलन के संयोजक प्रो. हिमांशु गुप्ता ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य स्थिरता, नवाचार और व्यवसाय के क्षेत्र में नए विचारों एवं शोध को मंच प्रदान करना था। उन्होंने कहा कि देव कुमार वर्मा द्वारा साझा किया गया औद्योगिक अनुभव सम्मेलन में शामिल प्रतिभागियों के लिए उपयोगी रहा।
दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान अकादमिक और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर सतत विकास, नवाचार और व्यावसायिक चुनौतियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

#IITISM #IITISMDhanbad #ICADIB26 #BCCL #DevKumarVerma #HimanshuGupta #Dhanbad #DhanbadNews #JharkhandNews #InternationalConference #Sustainability #SustainableDevelopment #Innovation #Research #IITDhanbad #CoalCapital
