• Fri. Jun 12th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने ब्लॉक-II क्षेत्र की खदानों का किया निरीक्षण, उत्पादन व कोयला प्रेषण बढ़ाने के दिए निर्देश।

Bynoorimedia@2015

Mar 6, 2026

धनबाद। Bharat Coking Coal Limited (बीसीसीएल) के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को ब्लॉक-II क्षेत्र की विभिन्न खदानों का दौरा कर खनन कार्यों, उत्पादन तथा कोयला प्रेषण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ महाप्रबंधक (ब्लॉक-II क्षेत्र) कुमार रंजीव, एजीएम (ब्लॉक-II) पी.एस.के. सिन्हा, ब्लॉक-II ओसीपी के परियोजना पदाधिकारी, प्रबंधक तथा क्षेत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और ठेका कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

दौरे की शुरुआत ब्लॉक-II ओसीपी के हाईवॉल माइनिंग पैच के निरीक्षण से हुई। यहां सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कट की गहराई, पेनिट्रेशन दर, एक कट पूरा होने के बाद अगले कट के आरंभ के बीच लगने वाले समय तथा मशीनों के रखरखाव अवधि जैसे प्रमुख परिचालन मानकों की समीक्षा की। उन्होंने एमडीओ ऑपरेटर और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करते हुए प्लेटफॉर्म की अग्रिम तैयारी समेत सभी प्रारंभिक कार्य समय से पहले पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही मार्च के शेष दिनों में उत्पादन बढ़ाने के लिए हाईवॉल माइनर और सहायक मशीनों की अधिकतम उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा न्यू मधुबन वाशरी को अधिकतम कोयला आपूर्ति करने पर जोर दिया।

इसके बाद सीएमडी ने ब्लॉक-II ओसीपी के डिपार्टमेंटल ओसीपी पैच, न्यू नदखुरकी हायर्ड पैच और न्यू बेनीडीह हायर्ड पैच का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने वर्तमान एक्सपोजर और परिचालन स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उत्पादन और डिस्पैच बढ़ाकर निर्धारित दैनिक लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन और कोयले की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया।

सीएमडी ने मोबाइल क्रशर साइट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ महाप्रबंधक (ई एंड एम) करण कुमार मौजूद थे। क्रश किए गए कोयले में पत्थर के टुकड़े पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि कोयले में किसी भी प्रकार के पत्थर या बोल्डर का मिश्रण न हो और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

दौरे के क्रम में मनोज कुमार अग्रवाल ने खनन कार्यों के विस्तार के लिए प्रस्तावित केसुरगढ़ गांव का भी दौरा किया। इस दौरान महाप्रबंधक (समन्वय), महाप्रबंधक (एस्टेट) तथा एस्टेट और सर्वे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। उन्होंने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर देते हुए महाप्रबंधक (ब्लॉक-II) कुमार रंजीव को एक समर्पित टीम गठित कर विस्तृत आकलन और त्वरित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि भूमि हस्तांतरण, अधिग्रहण और कब्जा की प्रक्रिया जल्द पूरी की जा सके।

दौरे के दौरान सीएमडी ने मधुबन वाशरी के परियोजना पदाधिकारी से भी मुलाकात की और वाशरी को कोयले की आपूर्ति बढ़ाने तथा बेहतर रिकवरी सुनिश्चित करने के लिए संचालन की सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया।

दौरे के अंत में मनोज कुमार अग्रवाल ने ब्लॉक-II क्षेत्र के अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्पादन एवं कोयला प्रेषण के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सामूहिक रूप से काम करने का आह्वान किया और गुणवत्ता तथा सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

BCCL #CoalIndia #ManojKumarAgarwal #Block2Area #CoalProduction #CoalDispatch #DhanbadNews #MiningNews #JharkhandNews #CoalMining #MadhubanWashery #BCCLUpdates

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed