• Fri. Jun 12th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

रेल बजट 2026-27 पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का संवाददाता सम्मेलन, झारखंड को मिला 7,536 करोड़ का ऐतिहासिक आवंटन।

Bynoorimedia@2015

Feb 2, 2026

धनबाद, 02 फरवरी 2026।
माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे बोर्ड से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेल बजट 2026-27 पर आधारित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे के लिए रिकॉर्ड ₹2,78,000 करोड़ का आवंटन किया गया है, जो रेलवे के बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने झारखंड राज्य के लिए रेलवे बजट में हुई ऐतिहासिक वृद्धि की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2009-14 के दौरान जहां झारखंड को रेलवे के लिए औसतन ₹457 करोड़ प्रतिवर्ष का आवंटन मिलता था, वहीं 2026-27 में यह बढ़कर ₹7,536 करोड़ हो गया है, जो लगभग 16 गुना वृद्धि को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि झारखंड में वर्तमान में ₹63,470 करोड़ की रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनमें नई रेल लाइनें, ट्रैक दोहरीकरण, स्टेशन पुनर्विकास और सुरक्षा सुधार शामिल हैं। अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 57 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देने के लिए ₹2,153 करोड़ का निवेश किया जा रहा है, जिनमें से 8 स्टेशनों का कार्य पूर्ण हो चुका है।

बेहतर रेल कनेक्टिविटी के लिए झारखंड में 12 जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस और 4 जोड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही वर्ष 2014 के बाद से राज्य में लगभग 1,400 किलोमीटर नई रेल पटरियाँ बिछाई गई हैं और झारखंड ने 100 प्रतिशत रेल विद्युतीकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया है।

रेल सुरक्षा को लेकर उन्होंने बताया कि राज्य में 486 फ्लाईओवर एवं अंडरपास का निर्माण किया गया है तथा अत्याधुनिक कवच सुरक्षा प्रणाली के अंतर्गत 1,907 आरकेएम की स्वीकृति के साथ कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

माननीय रेल मंत्री के संवाददाता सम्मेलन के पश्चात धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र ने भी उपस्थित पत्रकारों को रेल बजट में रेलवे के लिए किए गए प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एडीआरएम (इन्फ्रा) श्री आमित कुमार, सीनियर डीसीएम श्री मुहम्मद इकबाल सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed