धनबाद के कोयला नगर स्थित सामुदायिक भवन में आज बीसीसीएल के सहयोग से भारतीय लागत लेखाकार संस्थान (आईसीएमएआई), धनबाद चैप्टर द्वारा वार्षिक संगोष्ठी के अंतर्गत ‘आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस: ए डिसीजन मेकिंग टूल फ़ॉर द प्रोफ़ेशन’ विषय पर एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मंच पर श्री बी.के. परुई (अध्यक्ष, आईसीएमएआई धनबाद चैप्टर एवं पूर्व कंपनी सेक्रेटरी, बीसीसीएल), श्री आर.के. सहाय (पूर्व निदेशक वित्त, बीसीसीएल), श्री विनीत रावल (कार्यकारी निदेशक, सेल), श्री बिक्रम घोष (निदेशक वित्त, डब्ल्यूसीएल), डॉ. इंद्रनील सरकार (तकनीकी वक्ता), सीएमए श्री सी. चट्टोपाध्याय, सीएमए श्री अभिजीत गोस्वामी तथा सीएमए श्रीमती आरती गांगुली सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन और ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुई। स्वागत भाषण में श्री बानी कुमार परुई ने संगोष्ठी के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज के समय में पेशेवर निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बना रहा है।
अपने संबोधन में श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि एआई का संतुलित और प्रभावी उपयोग विशेष रूप से खनन क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने बताया कि एआई की मदद से माइन प्लानिंग, उपकरणों के बेहतर उपयोग, प्रिडिक्टिव मेंटेनेंस, डाउनटाइम में कमी और उत्पादन दक्षता में वृद्धि संभव है। इसके अलावा, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और अर्ली वार्निंग सिस्टम के माध्यम से सुरक्षा और जोखिम प्रबंधन को भी मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने आगे कहा कि सप्लाई चेन मैनेजमेंट, कोल मूवमेंट, गुणवत्ता नियंत्रण और वित्तीय प्रक्रियाओं जैसे कॉस्ट ऑप्टिमाइजेशन और बजट पूर्वानुमान में भी एआई महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही, उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाले डेटा और मानव बुद्धिमत्ता के साथ एआई के संतुलित उपयोग पर जोर दिया।
तकनीकी सत्र में डॉ. इंद्रनील सरकार (एसोसिएट डायरेक्टर एवं प्रिंसिपल इनोवेशन कंसल्टेंट, कॉग्निजेंट) ने एआई के व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
समापन सत्र के दौरान आईसीएमएआई धनबाद चैप्टर की वार्षिक स्मारिका का विमोचन किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया और राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर श्री अमल दास (पूर्व अध्यक्ष, आईसीएमएआई), श्री हरिजीवन बनर्जी (पूर्व अध्यक्ष, आईसीएमएआई), श्री बिस्वरूप बसु (पूर्व अध्यक्ष, आईसीएमएआई), श्री अभिजीत दत्ता (सचिव, ईआईआरसी, आईसीएमएआई), श्री राजीव तिवारी (सीजीएम, सेल), श्री एम.एस. राजू (महाप्रबंधक, वित्त, बीसीसीएल), श्री श्याम सुंदर (महाप्रबंधक, वित्त, ईसीएल) और श्री अशोक कुमार (महाप्रबंधक, वित्त, डब्ल्यूसीएल) सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
#BCCL #ICMAI #DhanbadNews #ArtificialIntelligence #MiningIndustry #CoalIndia #AIinMining #TechnologyInIndia #BusinessNews #JharkhandNews
